Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के सामुदायिक पुलिसिंग सेल ने पुलिस आयुक्त सतेन्द्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में डीएवी स्कूल सेक्टर-14 में एक बड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें करीब 1200 विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में एसीपी बल्लभगढ़ जितेश मल्होत्रा ने छात्राओं को सेल्फ डिफेंस के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी और उन्हें आत्मरक्षा के लिए हमेशा तैयार और सतर्क रहने की सलाह दी।
पुलिस टीम ने छात्रों को महिलाओं के खिलाफ अपराध, बाल विवाह निषेध अधिनियम और उससे जुड़े कानूनों के बारे में विस्तार से बताया। टीम ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई है, जो बेटियों के अधिकारों और भविष्य को प्रभावित करती है, इसलिए इसे रोकना सबकी जिम्मेदारी है।
विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 112, 1033, 1930 और 1933 की जानकारी भी दी गई। साथ ही MANAS ऐप के जरिए नशे के दुष्प्रभाव और उससे बचने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्त, सड़क दुर्घटना मुक्त और सुरक्षित फरीदाबाद बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम के बाद नशा मुक्ति टीम ने सेक्टर-14 में डोर-टू-डोर सर्वे भी किया।

