March 8, 2026

पुलिस ने एक व्यक्ति को गुम हुए फोन से रूपये 87 हजार ट्रांसफर करने के आरोप में किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सैंट्रल पुलिस ने एक व्यक्ति को गुम हुए फोन से रूपये ट्रांसफर करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता के खाते से 87 हजार 299 रुपये की धोखाधड़ी की थी।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर तगा निवासी सोनू ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 19 मई को जब वह सेक्टर-16 की सब्जी मंडी जा रहा था, तभी ओल्ड की बत्ती के पास उसका मोबाइल फोन गिर गया। कुछ समय बाद जब उसने किसी अन्य फोन से अपने नंबर पर कॉल किया तो अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाया और रात 10 बजे फोन लौटाने का वादा किया, लेकिन वह व्यक्ति नहीं आया।

आरोप है कि उस व्यक्ति ने सोनू को लगातार 25 मई तक मजबूरी का बहाना बनाकर बातों में उलझाए रखा। जब सोनू ने नया सिम कार्ड निकलवाकर फोन पे ऐप की जांच की तो पता चला कि उसके खाते से 87, 299 रुपये की रकम ट्रांसफर कर ली गई है।

साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोनू सिंह निवासी एसी नगर फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी केवल पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है। उसने सड़क पर पड़ा मोबाइल फोन उठाया था और शिकायतकर्ता का कॉल रिसीव करने के बाद उसे बहलाकर समय लिया। इस दौरान उसने यूट्यूब से जानकारी लेकर फोन पे का पासवर्ड बदला और खाते से रकम निकाल ली गई।

पुलिस ने आरोपी से गुम हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।