May 4, 2024

मातृभाषा प्रचार-प्रसार के लिए कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन

Faridabad/Alive News : शिक्षा विभाग एवं राज्य शैक्षिक एवं अनुसंधान प्रशिक्षण परिषद, हरियाणा के आदेशानुसार राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की जूनियर रेडक्रास, गाइडस और सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड द्वारा संयुक्त रूप से हिन्दी पखवाड़े के अन्तर्गत प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में मातृभाषा हिन्दी के प्रचार और प्रसार के लिए आज कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि एक सितंबर से शुरू हुए इस पखवाड़े में कविता पाठ, नारा लेखन, अंताक्षरी, चित्र व घटना वर्णन, चित्र देखकर कहानी लिखना, व्याकरण आधारित प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, प्रतियोगिता, स्वरचित कविता लेखन, निबंध लेखन तथा भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

इस आयोजन में समस्त हिन्दी विभाग और विद्यालय प्रधानाचार्य की प्रमुख भूमिका रहने वाली हैं। मनचन्दा ने बच्चों को आज बताया कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान अस्तित्व में आने के साथ साथ राजभाषा नीति भी प्रारंभ हुई। संविधान के अनुच्छेद 343 (1) के अंतर्गत यह स्पष्ट किया गया है कि भारत की राजभाषा हिंदी और लिपि देवनागरी है। संघ के शासकीय प्रयोजनों के लिए प्रयोग होने वाले अंकों का रूप देवनागरी लिपि में भारतीय अंकों का अंतर्राष्ट्रीय रूप है।

उन्होंने कहा कि आज हिन्दी ग्लोबल अर्थात वैश्विक भाषा बन चुकी है हिन्दी भाषा प्रेम और सद्भाव की प्रतीक है हिन्दी भाषा में अन्य भाषाओं के शब्दों को समाहित कर लेने की अद्भुत क्षमता है। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि अभिव्यक्ति का साधन और माध्यम ही भाषा है और विषय चाहे जो भी पढ़ना हो हम भारतवासियों को मातृभाषा हिन्दी में ही अभिव्यक्ति सरल और सुगम लगी है। प्राचार्य ने छात्रा ताबिंदा, पुष्पांजलि और मीनाक्षी को कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर घोषित किया। प्राचार्य मनचंदा ने सुंदर आयोजन और सहयोग करने पर सभी की प्रशंसा की तथा कॉर्डिनेटर प्राध्यापिका जसनीत कौर और शीतू, कविता, मनीषा का तथा पूनम एवम संजय मिश्रा के सहयोग की सराहना की।