March 11, 2026

एपीके फाइल भेजकर 8.74 लाख रुपये की ठगी, फोन कॉलर गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने एपीके फाइल भेजकर 8,74,500 रुपये की ठगी करने के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर 88 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी के साथ एक साइबर फ्रॉड हुआ था। जिस संबंध में उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया जिसने अपने आप को बैंक कर्मचारी बताया और शिकायतकर्ता की पत्नी के साथ हुए साइबर फ्रॉड के बारे में कुछ बातें बताकर कथित बैंक कर्मचारी ने शिकायतकर्ता को अपने झांसे में ले लिया। फिर शिकायतकर्ता के व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी जिस पर क्लिक करते ही शिकायतकर्ता के खाते से अलग अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 8,74,500 रुपये कट गये। जिस संबंध में साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचांन निवास कुमार निवासी गांव थालपोस जिला नवादा बिहार हाल गांव सालापुर खेड़ा, बिजवासन, साउथ दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी पूर्व में गिरफ्तार कुन्दन पटेल का साथी है। आरोपी ने कुंदन के साथ मिलकर बैंक कर्मचारी बन शिकायतकर्ता को कॉल किया था। कुंदन ने एपीके फाइल भेजकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया था। कुंदन को पहले ही गिरफ्तार कर 5 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया था। 10 मार्च को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।