September 15, 2026

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत

Chandigarh/Alive News : हरियाणा में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द निजात मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 10 जून की रात को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कयास लगाए जा रहे है। इसके असर से तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश की गतिविधियां भी हो सकती है।

जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तरी व पश्चिमी हरियाणा पर ज्यादा असर दिखेगा। उधर, बुधवार को भी प्रदेश में भीषण गर्मी व लू का दौर जारी रहा। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। बुधवार को हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में बादलवाही भी देखने को नहीं मिली। पश्चिमी शुष्क और गर्म मरूस्थलीय हवाओं की वजह से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में नमी व आर्द्रता नदारद है, जिसकी वजह से प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। बुधवार को हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 43.0 से 46.1 और न्यूनतम तापमान 27.3 से 33.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।