May 21, 2024

साइकिल रैली के जरिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक

Faridabad/Alive News: उपायुक्त जितेंद्र यादव गुरुवार को लघु सचिवालय में हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान से हमें प्रत्येक नागरिक को जोड़ा जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति राष्ट्र गौरव के प्रतीक तिरंगा को अपने घर की छत पर लगाए इसके लिए हमें प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरित करना है।

अभियान के तहत जिला में पांच लाख से अधिक घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हजार घर और शहरी क्षेत्र में साढ़े चार लाख घर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सीईओ जिला परिषद सतेंद्र दूहन व शहरी क्षेत्र के लिए अतिरिक्त निगम आयुक्त इंद्रजीत सिंह कुलड़िया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रत्येक आरडब्लूए, औद्योगिक संगठन, स्कूल, अस्पताल व अन्य संगठन भी स्वयं आगे आ रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह अभियान जन भागीदारी के साथ चलाया जाना है और इसके लिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को प्रेरित करें। साइकिल रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।

मीटिंग में नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त अभिषेक मीणा, एसडीएम परमजीत चहल, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त इंद्रजीत कुलड़िया, जीएम डीआईसी ईश्वर यादव, एचएसआईआईडीसी के ईओ विकास चौधरी, डीटीपी रेणुका सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।