March 7, 2026

समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करें, ताकि शहर का विकास तेजी से हो :सलोनी शर्मा

Faridabad/Alive News: नगर निगम की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने कहा कि शहर के विकास में हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराना चाहिए।

सोमवार को नगर निगम की टीम ने 8 यूनिटों को सील किया, जिन पर करीब 30 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। इनमें दुकानें, वर्कशॉप और एक प्राइवेट क्रिकेट एकेडमी शामिल हैं।

शिव दुर्गा विहार-2 में सूरजकुंड इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी पर 4 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया होने के कारण उसे सील किया गया। इसके अलावा, शिव दुर्गा विहार की एक अन्य यूनिट पर 2 लाख से ज्यादा का बकाया था। बल्लभगढ़ में 6 यूनिटों को सील किया गया, जिन पर 24 लाख रुपये से अधिक का टैक्स बकाया था।

सलोनी शर्मा ने बताया कि नोटिस देने के बावजूद टैक्स जमा नहीं कराने वालों पर यह कार्रवाई की गई है और यह अभियान नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने अपील की कि सभी प्रॉपर्टी मालिक समय पर टैक्स जमा करें ताकि फरीदाबाद का विकास तेजी से हो सके।