October 26, 2026

मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े, बीके अस्पताल में कई जरूरी दवाएं नहीं

Faridabad/Alive News: मौसमी बीमारियों के बीच बीके नागरिक अस्पताल में उपचार कराने पहुंच रहे मरीजों को जरूरी दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। अस्पताल में बुखार, जुकाम और खांसी जैसी समस्याओं के मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं, लेकिन डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद भी कुछ दवाओं के लिए उन्हें निजी मेडिकल स्टोर जाना पड़ रहा है। मरीजों के अनुसार, अस्पताल में खांसी का सिरप कई महीनों से उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा त्वचा संबंधी समस्याओं में इस्तेमाल होने वाली ट्यूब और कान दर्द की ड्रॉप भी नहीं मिल रही हैं।

दवाओं की उपलब्धता पर उठे सवाल

मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में इलाज कराने का उद्देश्य कम खर्च में उपचार और जरूरी दवाएं प्राप्त करना होता है। लेकिन दवाएं उपलब्ध नहीं होने से उन्हें बाहर से खरीदारी करनी पड़ रही है। बदन दर्द की दवाओं को लेकर भी मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से दवाओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उपचार के लिए आने वाले लोगों को परेशानी न हो।

जल्द उपलब्ध होंगी दवाएं

बीके नागरिक अस्पताल के कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया कि फिलहाल उपलब्ध नहीं होने वाली दवाएं जल्द अस्पताल में आ जाएंगी। इसके बाद मरीजों को दवाओं की कमी के कारण परेशानी नहीं होगी।