Faridabad/Alive News: किडनी ट्रांसप्लांट के बाद भी मरीज सामान्य जिंदगी जी सकते हैं और खेलकूद जैसी गतिविधियों में हिस्सा ले सकते हैं। इसी संदेश के साथ ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-86 स्थित एकॉर्ड सुपरस्पेशलिटी अस्पताल की टीम ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय ऑर्गन ट्रांसप्लांट गेम्स में भाग लिया। रीनल केयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में अस्पताल के करीब 50 सदस्य शामिल हुए। इनमें किडनी ट्रांसप्लांट करा चुके मरीज और उनके परिजन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मरीजों का उत्साह बढ़ाया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इन खेलों का उद्देश्य ट्रांसप्लांट करा चुके मरीजों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाना है।
एकॉर्ड अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद नियमित देखभाल और डॉक्टरों की सलाह से मरीज सामान्य जीवन जीने के साथ खेलकूद में भी भाग ले सकते हैं। ऐसे आयोजन मरीजों का मनोबल बढ़ाते हैं। इस दौरान डॉ. बीके उपाध्याय, डॉ. आनंद, डॉ. वैशाली, डॉ. पंकज, डॉ. सुखविंदर और सीनियर ट्रांसप्लांट टेक्नीशियन पुष्पिंदर भी मौजूद रहे।

