Delhi/Alive News: दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित नारे लगाए गए। इसे लेकर संसद में आज हंगामा देखने को मिला है। बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राज्यसभा में यह मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पार्टी से माफी की मांग की है।
लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी पीएम मोदी के खिलाफ बोले गए आपत्तिजनक शब्दों पर सवाल खड़े किए हैं। इसी के साथ संसद की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।
सोनिया-राहुल से माफी की मांग
जेपी नड्डा ने राज्यसभा में भाषण के दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी से माफी मांगने की अपील की है। उन्होंने कहा, “कल कांग्रेस पार्टी की एक रैली में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के खिलाफ लगाया गया नारा कांग्रेस पार्टी की असली सोच और मानसिकता का प्रमाण है। देश के प्रधानमंत्री जी की मृत्यु की कामना करना अत्यंत निंदनीय है। इस अमर्यादित भाषा के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी देश से माफी मांगे।”
किरेन रिजिजू ने भी उठाए सवाल
लोकसभा में भाषण के दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी रैली में अपमानजनक भाषा पर सवाल खड़े किए हैं। किरेन रिजिजू के अनुसार, “इस संसद में हम अलग-अलग पार्टियों के सदस्य हैं। हम विरोधी हैं, लेकिन दुश्मन नहीं हैं। 2014 में जब बीजेपी के एक सासंद ने विपक्ष के खिलाफ गलत शब्द बोले थे, तो पीएम मोदी ने उनसे तुरंत माफी मांगने को कहा था।”

