Faridabad/Alive News: रतन कन्वेंट स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप, विरोध और भूख हड़ताल की चेतावनी
फरीदाबाद के हरफला स्थित रतन कन्वेंट स्कूल के बंद होने की सूचना से अभिभावक बेहद परेशान हैं। व्हाट्सऐप ग्रुप में स्कूल बंद करने का संदेश आने के बाद अभिभावकों में गुस्सा फैल गया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि पिछले दो महीने से कक्षाएं नहीं लग रही हैं, जबकि बच्चों की ज्यादातर फीस पहले ही जमा कर ली गई है। ऑनलाइन कक्षाएं भी नहीं कराई जा रहीं। स्कूल में करीब 3000 बच्चे पढ़ते हैं।
अभिभावकों ने जिला उपायुक्त विक्रम सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अंशु सिंगला और स्थानीय पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि पिछले दो साल से स्कूल की स्थिति लगातार खराब हो रही है और अब बच्चों का भविष्य खतरे में है।
अभिभावकों ने बताया कि जब अध्यापकों से बात की जाती है, तो वे कहते हैं कि प्रबंधन उन्हें वेतन नहीं दे रहा, इसलिए कक्षाएं नहीं हो पा रहीं। वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि चाहे कक्षाएं न हों, लेकिन बच्चों को बोर्ड परीक्षाएं दिला दी जाएंगी। इस पर अभिभावकों ने सवाल उठाए कि पढ़ाई ही नहीं होगी तो बच्चे परीक्षा की तैयारी कैसे करेंगे?
गुरुवार को अभिभावक स्कूल पहुंचे और जोरदार विरोध किया। बताया गया कि विवाद से बचने के लिए स्कूल प्रबंधन उनसे मिलने बाहर नहीं आया।
अभिभावकों की चेतावनी: करेंगे भूख हड़ताल और सड़क जाम
अभिभावकों ने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो वे सड़क जाम कर विरोध करेंगे और भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उनकी मांग है कि बच्चों के लिए परिवहन सुविधा शुरू की जाए और नियमित कक्षाएं बहाल की जाएं। उनका कहना है कि कक्षाएं न होने से बोर्ड परीक्षा की तैयारी और परिणाम दोनों पर असर पड़ेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अंशु सिंगला बयान दिया कि शिकायत मिली है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं, जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

