June 6, 2026

पब्लिक स्कूल में अभिभावक-शिक्षक ‘मंथन 3.0’ कार्यक्रम का आयोजन

Faridabad/Alive News: सेक्टर 21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में 25 अप्रैल को ‘अभिभावक-शिक्षक भागीदारी मंथन 3.0’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें किंडरगार्टन से लेकर कक्षा 8 तक के बच्चों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अभिभावकों और शिक्षकों की साझेदारी को मजबूत बनाना था।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस मौके पर स्कूल के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव, प्रधानाचार्या नरजीत कौर, डायरेक्टर मीनाक्षी सिंह और जयवीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में बच्चों ने स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस दौरान कक्षा 5 की गर्विका अरोड़ा और कक्षा 4 की स्वास्तिका अरोड़ा को नारा प्रतियोगिता में क्रमशः प्रथम और तृतीय स्थान पाने पर सम्मानित किया गया।

स्कूल की उपलब्धियों को पीपीटी के जरिए दिखाया गया और अभिभावकों को बच्चों की परवरिश से जुड़ी जरूरी बातें बताई गईं। जयवीर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों को सही दिशा देना एक चुनौती बन गया है। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि वे बच्चों को समय दें, उनकी बात समझें, उन पर दबाव न डालें और उन्हें प्रोत्साहित करें।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि बच्चों के अच्छे विकास के लिए स्कूल और परिवार दोनों की बराबर भूमिका जरूरी है। इस दौरान स्कूल के अलग-अलग क्लबों के छात्रों ने भी अपनी गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया।

स्कूल के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने कहा कि ‘मंथन’ एक ऐसा मंच है, जहां अभिभावक और शिक्षक मिलकर बच्चों के भविष्य पर चर्चा करते हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा सिर्फ स्कूल तक सीमित नहीं होती, इसमें परिवार का सहयोग भी जरूरी है।

अंत में प्रधानाचार्या नरजीत कौर ने अभिभावकों को स्कूल की गतिविधियों की जानकारी दी और कहा कि बच्चों की प्रगति के लिए अभिभावकों को रोज उनके कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम का समापन सभी के धन्यवाद के साथ हुआ।