March 8, 2026

घर में काम करने आए पेंटरों ने की चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने घर में पेंटिंग का काम करने वाले तीन पेंटरों को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक लाख रुपये और चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए हैं।

रामचंद्र कॉलोनी की एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अक्टूबर में उनके घर पर पेंटिंग का काम हुआ था। काम खत्म होने के कुछ दिन बाद जब उन्होंने अलमारी चेक की तो पाया कि उनके आभूषण गायब हैं। इस पर थाना सराय ख्वाजा में चोरी का मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने तीनों आरोपियों अजीत (27), राम किशन (29) और दीपक (23) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी बदरपुर की ताजपुर पहाड़ी क्षेत्र में रहते हैं और पेंटिंग का काम करते हैं।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि काम के दौरान उन्होंने महिला को आभूषण रखते हुए देख लिया था और मौका मिलने पर चोरी कर ली। चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ बरामद हुए हैं, जबकि एक लाख रुपये उन्होंने चोरी की चेन बेचकर हासिल किए थे।

पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।