Noida/Alive News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रींस टू सोसायटी में कुत्तों के काटने की घटनाओं से आक्रोशित होकर निवासियों ने प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि सोसायटी में कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आवारा कुत्ते पिछले एक महीने के अंतराल में कई बच्चों व बुजुर्गों को अपना निशाना बना चुके हैं।
बावजूद इसके मेंटेनेंस टीम और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। समस्या की जानकारी पहले भी मेंटेनेंस और प्राधिकरण अधिकारियों को दी जा चुकी थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
इससे नाराज होकर रविवार को सोसायटी के निवासियों ने सोसायटी परिसर में पैदल मार्च निकाला। मार्च के दौरान निवासियों ने प्लेकार्ड व नारों के जरिए प्रशासन का ध्यान समस्या की गंभीरता की ओर खींचा।
सोसायटी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग
के काटने की घटनाओं को तुरंत रोकने, आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने व सोसायटी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की गई। निवासियों का आरोप है कि कुछ लोग जान-बूझकर सोसायटी में आवारा कुत्तों को खाना देकर आश्रय दे रहे हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन करने की चेतावनी
निवासियों ने कहा कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय प्रशासन और मेंटेनेंस को अभी कार्रवाई करनी चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने आवारा कुत्तों के लिए सोसायटी परिसर से दूर आश्रय स्थल बनाए जाने की मांग की।

