March 8, 2026

प्रॉपर्टी आईडी की 12 शिकायतों में से 5 शिकायतों का हुआ निपटारा

Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशानुसार बल्लभगढ़ जोन में आमजन की समस्याओं एवं प्रॉपर्टी आईडी  से संबंधित मामलों के समाधान के लिए साप्ताहिक कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान कुल 12 नागरिकों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित उच्च अधिकारियों के पास भेजा गया है।

बल्लभगढ़ जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी दीपा पब्बी ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान किया। उन्होंने बताया कि साप्ताहिक कैंप के अतिरिक्त नागरिक किसी भी कार्यदिवस में नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

नगर निगम द्वारा प्रत्येक जोन में नियमित रूप से ऐसे कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक आमजन की समस्याएं सुनी जाती हैं। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कल ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र की शिकायतें चंदावली जोन कार्यालय में सुनी जाएंगी।

इन कैंपों का उद्देश्य प्रॉपर्टी आईडी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है, ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निवारण सुनिश्चित किया जा सके।