Faridabad/Alive News: सराय ख्वाजा स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा में जनजातीय गौरव पखवाड़ा के तहत भारत के जनजातीय नायकों, उनकी संस्कृति एवं गौरव पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने की। इस अवसर पर पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
प्राचार्य मनचंदा ने बताया कि यह राष्ट्रीय उत्सव भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने साहस, संघर्ष और त्याग से जनजातीय समाज को स्वाभिमान और स्वतंत्रता का संदेश दिया। जनजातीय गौरव पखवाड़ा न केवल सांस्कृतिक विरासत के उत्सव का प्रतीक है, बल्कि आदिवासी समाज के उत्थान, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन जनजातीय कार्य मंत्रालय के नेतृत्व में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव वर्ष का हिस्सा है, जो देशभर में जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मानित करने का प्रयास है। भारत सरकार द्वारा हिमालय से लेकर तटीय क्षेत्रों तक विभिन्न राज्यों में सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जनजातीय नायकों के जीवन एवं संघर्षों पर पेंटिंग और प्रस्तुतियां दीं। प्राचार्य मनचंदा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्राध्यापिका गीता, दीपांजलि तथा अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

