Faridabad/Alive News : उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जिले में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बल्लभगढ़ सब्जी मंडी, फरीदाबाद में “एकल-उपयोग प्लास्टिक को ना कहें” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बल्लभगढ़ क्षेत्र द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी विकास कुमार की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का आयोजन बल्लभगढ़ सब्जी मंडी के अध्यक्ष की उपस्थिति में किया गया।
जागरूकता सत्र के दौरान स्थानीय विक्रेताओं, श्रमिकों एवं नागरिकों को एकल-उपयोग प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान और मानव स्वास्थ्य पर इसके दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को प्लास्टिक कचरे से उत्पन्न प्रदूषण, जल स्रोतों पर पड़ने वाले प्रभाव तथा इसके दीर्घकालिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में शामिल विक्रेताओं, श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने दैनिक जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
स्थानीय लोगों की सक्रिय सहभागिता और सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ यह जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को और सशक्त करने का संकल्प दोहराया।

