March 7, 2026

ऑपरेशन ट्रैकडाउन: 23 दिनों में 138 गंभीर अपराधी गिरफ्तार, हथियार और नशा भी बरामद

Faridabad/Alive News: हरियाणा पुलिस द्वारा 5 नवंबर से शुरू किए गए ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत फरीदाबाद पुलिस ने पिछले 23 दिनों में बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में हत्या, लूट, स्नैचिंग, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में शामिल 138 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी थाना, चौकी और अपराध शाखाओं को लक्ष्य दिए गए थे। पिछले 23 दिनों में जहां 138 गंभीर अपराधी पकड़े गए, वहीं कुल 539 अपराधियों की गिरफ्तारी भी की गई। इसके अलावा 46 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उन पर लगातार नजर रखने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

अभियान के दौरान कुख्यात अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनमें शामिल हैं मनोज उर्फ जीरो, निवासी मच्छगर जिसके खिलाफ 21 केस दर्ज हैं और जो थाना सदर बल्लभगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है। रोहित, निवासी मच्छगर जिसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास समेत 6 मामले दर्ज हैं।
वरुण, निवासी भुद्दत कॉलोनी बल्लभगढ़ जिसके खिलाफ 24 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट शामिल हैं।

फरीदाबाद पुलिस ने इस ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियार और नशा भी बरामद किया है, जिनमें शामिल हैं 20 देसी कट्टे, 38 जिंदा कारतूस, 4 पिस्टल, 1 चाकू, 32.63 ग्राम स्मैक/हीरोइन और 14 किलो 600 ग्राम गांजा।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान हत्या के 28, हत्या के प्रयास के 30, लूट-डकैती के 7, स्नैचिंग के 7, फिरौती व ब्लैकमेलिंग के 10, एनडीपीएस के 36 और आर्म्स एक्ट के 35 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।