Faridabad/Alive News:nफरीदाबाद में हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन स्माइल के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। इस अभियान के तहत 1 अप्रैल को पुलिस ने 6 नाबालिग बच्चों को भीख मांगते हुए रेस्क्यू किया। साथ ही एक 6 साल की गुमशुदा बच्ची को भी सुरक्षित ढूंढकर उसके परिवार के हवाले किया गया।
पुलिस की किडनैपिंग एंड एबडक्शन टीम (KAT) ने सेक्टर-12 के टाउन पार्क के पास से इन बच्चों को रेस्क्यू किया। इसके बाद सभी बच्चों का मेडिकल करवाया गया और उन्हें बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। समिति ने बच्चों के परिवार वालों को समझाया कि बच्चों से भीख न मंगवाएं और उन्हें पढ़ाई कराएं।
इसके अलावा दयाल नगर की एक 6 साल की बच्ची, जो मानसिक रूप से कमजोर है और बोल नहीं पाती, खेलते समय घर से लापता हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और कई जगहों पर तलाश की। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची सूरजकुंड की एक चैरिटेबल संस्था में है। इसके बाद पुलिस ने बच्ची की पहचान कराकर उसे सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया।
बच्ची को सही सलामत पाकर परिवार ने पुलिस का धन्यवाद किया।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं कोई बच्चा भीख मांगता हुआ या लावारिस हालत में दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों की मदद की जा सके।

