March 8, 2026

ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन: 18 दिनों में 146 गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार, नशा और शराब बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के निर्देश पर 1 दिसंबर से “ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध नशा, अवैध हथियार, शराब, जुआ-सट्टा और संगीन अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पिछले 18 दिनों में फरीदाबाद पुलिस ने 876 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान 122 मामले दर्ज किए गए और 146 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में 27 देसी कट्टे, 4 पिस्टल, 8 कारतूस, 18 किलो 193 ग्राम गांजा, 18.4 ग्राम स्मैक, 1423 बोतल देसी शराब, 266 बोतल अंग्रेजी शराब, 20 लीटर कच्ची शराब और जुए के 20,720 रुपये बरामद किए गए हैं।

18 दिसंबर को थाना एनआईटी की टीम ने गश्त के दौरान बांके बिहारी मंदिर के पास ताश के पत्तों से जुआ खेलते हुए सात लोगों को पकड़ा। मौके से 3,840 रुपये और ताश की दो गड्डियां बरामद की गईं। वहीं, थाना सारन की टीम ने सट्टा खाई के एक मामले में न्यू जनता कॉलोनी निवासी दीपक गुलाटी को विनायक वाटिका के पास से गिरफ्तार कर 1,270 रुपये बरामद किए।

इसके अलावा, अवैध शराब बेचने के मामले में पुलिस चौकी टाउन नंबर-3 की टीम ने संतोष अस्पताल, एनआईटी के पास से राजन भाटिया को 13 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

अपराध पर कार्रवाई के साथ-साथ फरीदाबाद पुलिस ने सामाजिक जिम्मेदारी भी निभाई है। सर्दी के मौसम को देखते हुए पुलिस ने करीब 349 जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटे और स्लम क्षेत्रों में बच्चों को जूते और चप्पल भी वितरित किए।