April 24, 2024

वी.एम स्कूल के विद्यार्थियों को महिला विरुद्ध अपराधों के प्रति किया जागरूक

Faridabad/AliveNews : विद्यार्थियों को महिला विरुद्ध अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए आज सीनियर सिटीजन सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर सविता ने जवाहर कॉलोनी के स्कूल वी.एम सीनियर सेकेंडरी में पहुंची और विद्यार्थियों को महिला विरुद्ध होने वाले अपराधों के बारे में जागरूक किया।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में सभी छात्राओं को भ्रूण हत्या, दहेज उत्पीड़न, साइबर, यातायात नियमों तथा गुड व बेड टच के प्रति जागरुक करने का काम कर रही है। उन्होंने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि महिलाओं का कार्य केवल घर तक ही सीमित नहीं है बल्कि वह पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस समाज निर्माण में अपना योगदान दे सकती हैं। बहुत सी महिलाएं शिक्षा के अभाव में शोषण का शिकार होती हैं क्योंकि उन्हें इस समाज और अपने रिश्तेदारों में अपनी बदनामी का डर रहता है।

इसी वजह से महिलाएं शोषण का शिकार होती हैं और अपने अधिकारों के अभाव में पूरी उम्र दबाव में व्यतीत कर देती हैं। उन्होंने बताया कि एक पढ़ी-लिखी नारी अपने अधिकारों को जानती है और वह किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध अपनी आवाज उठाने में असमर्थ होती है। इसलिए आवश्यक है कि प्रत्येक बच्चे को अपने अधिकारों का ज्ञान होना चाहिए ताकि वह इस समाज की बुराइयों से लड़ सके और अपने हक के लिए आवाज उठा सकें।

उन्होंने बताया कि पहले इस बात के बारे में बहुत कम जानकारी होती थी कि गुड टच बैड टच क्या होता है। परंतु आजकल इसके प्रति जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को इसकी जानकारी दी जा रही है इसलिए यदि कोई भी व्यक्ति उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश करता है तो चुप रहकर इसे सहन करने की कोशिश ना करें क्योंकि यह आगे चलकर उनके शोषण का कारण बन सकता है।