March 8, 2026

जबरन वसूली और धमकी देने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने जबरन वसूली और धमकी देने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने की है।

शिकायतकर्ता अनिल, निवासी राजीव कॉलोनी की हार्डवेयर चौक पर मीट की दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 मई को उनके व्हाट्सऐप पर एक कॉल आया, जिसमें एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। इसके बाद अक्षय और इरशाद उनकी दुकान पर आए और जान से मारने की धमकी देकर 10 हजार रुपये ले गए। उन्होंने कहा कि यह पैसा विक्की और रोहित को देना है।

4 जून को फिर 3–4 युवक दुकान पर आए और उनसे और 10 हजार रुपये लेकर चले गए। पैसे न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इस शिकायत पर थाना मुजेसर में मामला दर्ज किया गया।

अपराध शाखा की टीम ने इस मामले में दानिश (33), निवासी मथुरा, हाल जमाई कॉलोनी फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि दानिश अपने साथियों लक्ष्य, सुमित, सलमान और इरशाद के साथ मिलकर अवैध वसूली कर रहा था। वे एक बदमाश का नाम लेकर पीड़ित से पैसे वसूलते थे।

घटना के बाद दानिश फरार था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी निगरानी से उसे पकड़ लिया। उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उसके बाकी साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।