Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 4 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राम कॉलोनी, सरूरपुर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने एक्सा लाइफ इंश्योरेंस की एक पॉलिसी ली थी। दो साल तक किस्तें भरने के बाद जब वह आगे किस्त जमा नहीं कर सका, तो उसे “भारतीय एक्सा लाइफ इंश्योरेंस लोकपाल” के नाम से एक फोन आया। फोन करने वाली महिला ने झांसे में लेकर उससे 4 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विजय कुमार, निवासी गांव हबीबपुर, सीकरी, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि विजय ने अपने मामा सचिन कुमार का बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल के लिए दिया था। आरोपी 10वीं पास है और बहादुरगढ़ में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करता है।
इस मामले में पहले ही सचिन कुमार सहित 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने विजय कुमार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

