Faridabad/Alive News: अध्यक्ष ज़िला रैडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद विक्रम सिंह के निर्देशानुसार एवं सचिव बिजेंद्र सौरोत के मार्गदर्शन में राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन आई टी 3 फरीदाबाद के प्रांगण में चल रहे जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन का आरंभ रेडक्रॉस के सिद्धांतों (मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिकः सेवा, एकता और सार्वभौमिकता ) को याद करते हुए संकल्प के साथ शुरू हुआ।
प्राथमिक चिकित्सा प्रवक्ता एम सी धीमान ने रेडक्रॉस के इतिहास के बारे में विस्तार पूर्वक बताया कि रेडक्रॉस एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जिसकी स्थापना सन 1863 ईस्वी में सर जॉन हेनरी ड्यूनैंट द्वारा की गई जिसने 1901 में प्रथम नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया | उन्होंने सभी छात्रों से रैडक्रॉस के साथ बतौर स्वयं सेवक जुड़ने का आह्वान किया ताकि जनकल्याण कार्यो मे उनकी भागीदारी हो सके ।
प्राथमिक चिकित्सा प्रवक्ता दर्शन भाटिया द्वारा छात्रों को प्राथमिक चिकित्सा से सम्बंधित जानकारी देते हुए आघात, दम घुटना, बिजली के चपेट से बचने इत्यादि अनेक विषयों पर प्रैक्टिकल देकर छात्रों को प्राथमिक चिकित्सा के गुर सिखाये। इसके अतिरिक्त प्रवक्ता प्रेम चंद गौर द्वारा सी पी आर से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि सीपीआर का मतलब है कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन। यह भी एक तरह की प्राथमिक चिकित्सा यानी फर्स्ट एड है। जब कोई व्यक्ति सांस न ले पा रहा हो और बेहोश हो जाए तो सीपीआर से उसकी जान बचाई जा सकती है। हार्ट अटैक यानी दिल का दौरा पड़ने पर तो सबसे पहले और समय पर सीपीआर दे दिया जाय तो पीड़ित की जान बचाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
पुलिस प्रशासन ए एस आई यशपाल सिंह के द्वारा छात्रों को साइबर क्राइम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी अपरिचित व्यक्ति की फोन कॉल आने पर अपने वित्तीय मामले की डिटेल कभी भी शेयर न करें। सोशल साइट के माध्यम से या ऑनलाइन मदद के नाम पर रुपये मांगने वालों को बिना पहचान किए कोई धनराशि न दें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने अकाउंट का विवरण, एटीएम कार्ड नंबर, पिन नंबर, ओटीपी नंबर व एसएमएस को शेयर न करें। साइबर अपराध से बचने के लिए छात्रों को स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी जागरूक करना होगा।
प्राथमिक चिकित्सा प्रवक्ता अरविंद शर्मा के द्वारा रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा चलायी जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में छात्रों को जानकारी दी एवं बताया कि किस प्रकार से रेडक्रॉस संस्था के स्वयंसेवक निस्वार्थ भावना से विभिन्न आपदाओं में निरंतर अपनी सेवाए दे रहे है तथा छात्रों को समाजसेवा में भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
अंतिम कड़ी में विभिन्न स्कूलों से आये हुए छात्रों के मध्य नृत्य प्रतियोगिता करवाई गई, जिसमे सभी छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। इस मौके पर कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्राथमिक चिकित्सा प्रवक्ता मनदीप, मनमोहन शर्मा, चालक अजय देव, सेवादार रामकिशोर और रामबरन एवं अन्य स्कूल स्टाफ ने पूर्ण सहयोग दिया।

