March 8, 2026

गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजामें ऑन द स्पॉट प्रतियोगिता सफलतापूर्वक आयोजित 

Faridabad/Alive News: गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा में जूनियर रेड क्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड की ओर से प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में ऑन द स्पॉट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, त्वरित निर्णय क्षमता, विषय की समझ और प्रस्तुतीकरण कौशल को विकसित करना था। कार्यक्रम का संचालन पीजीटी फाइन आर्ट्स गीता शर्मा ने किया, जिन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की प्रक्रिया और मानकों से अवगत कराते हुए आत्मविश्वास के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साह और एकाग्रता के साथ हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल ने निर्धारित विषय पर विद्यार्थियों द्वारा सीमित समय में प्रस्तुत की गई रचनात्मकता और तार्किक अभिव्यक्ति का मूल्यांकन किया परिणामों में कक्षा 9B की रोशनी प्रथम, 9F की अंजली द्वितीय, और 9B की खुशी तृतीय रहीं। अब ये छात्राएं जिला स्तर की प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले शिक्षकों दीपांजलि, सरिता, सुशीला, ममता, निखिल और दिनेश का आभार व्यक्त किया।

विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।