March 7, 2026

संघ के शताब्दी वर्ष पर ‘पंच परिवर्तन’ विषयक विचार गोष्ठी का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिला बल्लभगढ़ द्वारा शनिवार को संघ के शताब्दी वर्ष (1925–2025) के उपलक्ष्य में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष एवं पंच परिवर्तन की समाज निर्माण में भूमिका” रहा। इस गोष्ठी में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों और स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।

ग्रेटर फरीदाबाद के खेड़ी कलां स्थित सुधा रस्तोगी डेंटल कॉलेज में आयोजित इस प्रबुद्धजन विचार गोष्ठी में संघ की सौ वर्षों की यात्रा, उसके सेवा कार्यों और समाज परिवर्तन में योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि संघ स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में इसी प्रकार की विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत संपर्क टोली के सदस्य दीपक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि संघ ने व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का सतत कार्य किया है। उन्होंने ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए जीवन में इन पांच परिवर्तनों को आत्मसात करना आवश्यक है।

स्वदेशी जागरण मंच उत्तर क्षेत्र के सह संयोजक सत्येंद्र सोरोत ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को पंच परिवर्तन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त भारत ही विश्व गुरु बन सकता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुधा रस्तोगी डेंटल कॉलेज के डायरेक्टर धर्मवीर गुप्ता ने संघ के अनुशासन, सेवा और सामाजिक सरोकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों का समन्वय समाज को नई दिशा प्रदान करता है। साथ ही युवाओं से राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया।

गोष्ठी का मंच संचालन संजय ने किया। कार्यक्रम में संघ के सौ वर्षों के सेवा कार्यों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी तथा राष्ट्रीय विचारों से संबंधित साहित्य स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन को सफल बनाने में विजयपाल, संजय सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।