August 4, 2026

सावन के पहले सोमवार पर सेक्टर-30 शिव मंदिर में भस्म श्रृंगार, भजन-कीर्तन से गूंजा परिसर

Faridabad/Alive News: सावन के पहले सोमवार पर सेक्टर-30 स्थित शिव मंदिर में पुजारी पंडित टीटू ने विधि-विधान से भगवान शिव का भव्य भस्म श्रृंगार किया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र व पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की। साथ ही शाम होते ही महिलाओं ने मंदिर में गीत का कार्यक्रम भी आयोजित किया। 

दर्शन करने आई संतोषी ने कहा कि अब तक तो उन्होंने सिर्फ सुना थी कि शिव का असली श्रृंगार भस्म से होता है, लेकिन आज उन्होंने अपनी आंखों से यह श्रृंगार होते हुए देखने का सौभाग्य मिला है।

इस अवसर पर मंदिर परिसर में महिलाओं ने भजन-कीर्तन, गीत-संगीत और धार्मिक नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी। शिव भक्ति के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। साथ ही इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।