Chandigarh/Alive News : मान्यता प्राप्त पत्रकारों को पेंशन और अन्य सुविधाएं देने की मांग को एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं चंडीगढ़ के पूर्व सांसद सत्यपाल जैन ने समर्थन दिया है। वर्किंग जर्नलिस्ट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजेआई), चंडीगढ़ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जसपाल सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह और चंडीगढ़ प्रशासन को पत्र लिखकर पंजाब और हरियाणा की तरह चंडीगढ़ के पत्रकारों को भी 60 साल की उम्र के बाद पेंशन देने की मांग की है। सत्यपाल जैन ने इस मांग का समर्थन करते हुए चंडीगढ़ प्रशासन को पत्र भेजा और आग्रह किया कि इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कदम चंडीगढ़ के पत्रकारों के हित में होगा।
पंजाब सरकार ने 19 जुलाई 2019 और हरियाणा सरकार ने 21 नवंबर 2023 को नोटिफिकेशन जारी कर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को पेंशन देना शुरू कर दिया था, लेकिन चंडीगढ़ इन दोनों राज्यों की राजधानी होते हुए भी प्रशासन ने अब तक यह सुविधा चंडीगढ़ में लागू नहीं की है।
डब्ल्यूजेआई चंडीगढ़ के अध्यक्ष विनोद शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जसपाल सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र भंडारी ने सत्यपाल जैन का आभार जताया और उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी करेगी।

