May 7, 2024

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 86 हजार 458 बच्चों को खिलाई कीड़े मारने की दवाई : डा. ब्रहमदीप

Palwal/Alive News : सिविल सर्जन डा. ब्रह्मदीप ने बताया कि जिला पलवल में 12 सितंबर से 22 सितंबर तक राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के पहले दिन ही 86 हजार 458 बच्चों को पेट के कीड़े मारने की गोलियां खिलाई गई। इस कार्यक्रम के तहत सभी एक वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को पेट के कीड़े मारने वाली गोली (एल्बेंडाजोल 400 एमजी) दी जा रही है। एक साल से 2 साल तक के बच्चों को आधी एवं 2 से 19 साल तक के बच्चों को पूरी गोली खिलाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस साल में दो बार फरवरी एवं सितंबर माह में मनाया जाता है। इस आयु वर्ग को हर 6 महीने में कीड़े मारने वाली गोली खिलाने जरूरी होती है। हर 6 महीने में यह गोली खिलाने से बच्चों के पेट में कीड़े नहीं रहते एवं बच्चा जो भी खाना लेता है, वह उसके शरीर को अच्छे से लगता है एवं बच्चा शारीरिक एवं मानसिक रूप पर मजबूत बनता है। बच्चे के अंदर होने वाली खून की कमी जो कि किशोरावस्था में अक्सर हो जाती है, वह भी नहीं होती। अगर यह गोली बच्चे के हर 6 महीने में ना दी जाए तो उसके पेट में कीड़े होने लगते हैं एवं यह कीड़े उसके खाने को उसके शरीर में नहीं लगने देते। इस वजह से बच्चा शारीरिक एवं मानसिक रूप से कमजोर होता चला जाता है व उसके अंदर धीरे-धीरे बहुत सारी बीमारियां लगने लग जाती हैं।