April 23, 2024

अब जल संरक्षण के प्रति आरडब्ल्यूए करेगा लोगों को जागरूक

Faridabad/Alive News : गिरते भूजल स्तर के प्रतिकूल परिणाम अभी से दिखने लगे हैं। नदियां सूख रही हैं, तालाब और पोखर अस्तित्व खो रहे हैं। ऐसे में जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सेक्टर-21 सी आरडब्ल्यूए ने भी एक अनोखी पहल की है। जिसके तहत आरडब्ल्यूए 6 से 12 मई तक एक विशेष अभियान चलायेगा।

दरसअल, गर्मी में पानी की खपत अधिक होती है। जिसके कारण भूजल स्तर भी काफी गिर गया है। वहीं आरडब्ल्यूए इस अभियान के तहत लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने की कोशिश करेगा। इसके अलावा आरडब्ल्यूए लोगों को पानी के महत्व के बारे में जानकारी देगी। यह अभियान छह दिनों के लिए चलाया जाएगा।

संबंधित मामले को लेकर आरडब्ल्यूए के प्रधान महेंद्र शर्मा का कहना है कि छोटी नदियां सूख चुकी हैं। बड़ी नदियों का जलस्तर तेजी से कम हो रहा है। भूजल स्तर चिंताजनक रूप से गिर रहा है। अगर युवा वर्ग जल संरक्षण को लेकर अभी से जागरूक होगा तो आने वाली पीढ़ियों को इसका लाभ होगा। गिरते भूजल स्तर पर जागरूकता से ही काबू पाया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने कहा जल है तो कल है, इस स्लोगन को नहीं भूलना चाहिए। छोटी नदियां, तालाब और पोखर सूखने से वन्य जीवों के सामने अभी से संकट खड़ा हो रहा है जो आगे मानव के लिए खतरा होगा।