Faridabad/Alive News: बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए छात्राओं को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है। इसी उद्देश्य से ओल्ड फरीदाबाद स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को बाल विवाह के नुकसान और इसे रोकने के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी दी गई।
संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी हेमा कौशिक ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा और शारीरिक व मानसिक विकास प्रभावित होता है। इसे रोकने में युवा पीढ़ी की अहम भूमिका है। कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करना चाहिए। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर गजेंद्र ने भी पुलिस की भूमिका और कानूनी कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।

