March 7, 2026

अब बस स्टॉप नाम के ही रह गए, बीच सड़क बस रोकने से बड़ा जाम और हादसों का खतरा

Faridabad/Alive News: शहर में बस स्टॉप अब केवल नाम मात्र के रह गए हैं। बस चालक निर्धारित बस स्टॉप पर बस रोकने के बजाय अपनी मर्जी से बीच रास्ते में ही बस रोककर सवारियां भर रहे हैं। इसका असर यह हुआ है कि कहीं पर यात्री सड़क किनारे खड़े होकर हाथ देकर बस को रुकवा लेते है। इस अव्यवस्था के कारण कई बार सड़क दुर्घटना भी हो जाती है और अक्सर लंबा जाम भी लग रहता है।

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले अलाइव न्यूज़ के संवाददाता ने इसी समस्या को लेकर खबर प्रकाशित की थी, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। आज शुक्रवार को बीके चौक के पास भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां बस चालक ने बस को स्टॉप पर रोकने के बजाय बीके चौक पर ही बस खड़ी कर सवारियां भरनी शुरू कर दीं। इस दौरान कई लोग सड़क पर ही बस में चढ़ते नजर आए।

बता दे कि बीके चौक के पास बस स्टॉप मौजूद है, इसके बावजूद यात्री सड़क पर कहीं भी हाथ दिखाकर बस को रोक लेते हैं और बस चालक भी बिना नियमों की परवाह किए वहीं बस रोक देते हैं। कई बार यदि कोई चालक बस नहीं रोकता तो यात्री दौड़कर बस में चढ़ने का प्रयास करते हैं, जिससे बड़े हादसों की आशंका बनी रहती है।

बस चालकों द्वारा मनमाने ढंग से बस रोकने के कारण यातायात बाधित हो जाता है और कई बार काफी लंबा जाम भी लग जाता है।