April 28, 2024

नोए़डा का विन टावर मात्र 9 से 12 सेकंड में होगा मलबे में तब्दील, इन सड़कों पर आवागमन रहेगा ठप, पढ़िए खबर में

New Delhi/Alive News : नोए़डा सेक्टर-93ए स्थित 32 मंजिला एपेक्स (100 मीटर) व 29 मंजिला सियान (97 मीटर) ट्विन टावर आज दोपहर 2:30 बजे जमींदोज हो जाएंगे। इस टावर को करीब 3500 किलोग्राम विस्फोटक लगाकर जमींदोज किया जाएगा। 9 से 12 सेकंड में ट्विन टावर मलबे के ढेर में तब्दील हो जाएंगा। इससे सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चालक और नौकरीपेशा लोगों को होगी। क्योंकि टावर पर कार्यवाही के दौरानआसपास की कई सड़कों को दिनभर के लिए बंद रखा जाएगा। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया जाएगा।

दोपहर में बंद रहेगा नोएडा एक्सप्रेसवे
नोएडा एक्सप्रेसवे से यमुना एक्सप्रेसवे की तरफ व दिल्ली, नोएडा की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालक दोपहर बाद इस रूट पर आने से बचें। ट्विन टावर के ब्लास्ट के कारण दोपहर करीब दो से तीन बजे तक एक्सप्रेसवे बंद रहेगा। अति आवश्यक हो तो ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर मदद ले।

मिली जानकारी के अनुसार ट्विन टावर को ध्वस्त करने के 15 मिनट बाद स्थिति सामान्य होने का दावा किया गया है। हालांकि, धूल पूरी तरह से शांत होने के बाद ही एक्सप्रेसवे को आवागमन के लिए खोला जाएगा। एक्सप्रेसवे समेत अन्य गंतव्य की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक पुलिस हर 15 व 30 मिनट के अंतराल पर बुलेटिन जारी करेगी।

सुबह सात बजे से वाहनों का डायवर्जन
जानकारी के अनुसार एटीएस तिराहे से गेझा फल, सब्जी मंडी तिराहे तक और एल्डिको चौक से सेक्टर-108 की ओर डबल मार्ग व सर्विस रोड पर डायवर्जन रहेगा। श्रमिक कुंज चौक से सेक्टर-92 रतिराम चौक तक डबल मार्ग। श्रमिक कुंज चौक से सेक्टर-132 की ओर फरीदाबाद फ्लाईओवर। सेक्टर-128 से श्रमिक कुंज चौक से फरीदाबाद फ्लाईओवर तक।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर रहेगा डायवर्जन
नोएडा से ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले यातायात को महामाया फ्लाई ओवर से सेक्टर 37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह यातायात सिटी सेंटर, सेक्टर 71 होकर गन्तव्य की ओर जाएगा। नोएडा से ग्रेटर नोएडा- यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले यातायात को फिल्म सिटी फ्लाई ओवर से एलीवेटेड रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह यातायात एलीवेटेड रोड होकर सेक्टर 60, सेक्टर 71 होकर गन्तव्य की ओर जाएगा।

नोएडा से ग्रेटर नोएडा/यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले यातायात को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे व सर्विस रोड को फरीदाबाद फ्लाई ओवर से पहले सेक्टर 82 कट के सामने पूर्ण बंद किया जाएगा। यह यातायात गेझा तिराहा, फेस-2 होकर गंतव्य की ओर जाएगा। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा से नोएडा- दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को परीचौक से सूरजपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह यातायात सूरजपुर, यामाहा, फेस-2 अथवा बिसरख, किसान चौक होकर गंतव्य की ओर जाएगा।

यमुना एक्सप्रेस-वे, ग्रेटर नोएडा से नोएडा, दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे व सर्विस रोड सेक्टर 132 के सामने पूर्ण बंद किया जाएगा। यह यातायात सेक्टर 132 के अंदर से होकर पुस्ता रोड से गंतव्य की ओर जाएगा। सभी डायवर्ट बिंदुओं से इमरजेंसी वाहनों एंबुलेंस आदि को सकुशल पास कराया जाएगा। यातायात असुविधा उत्तपन्न होने पर यातायात हेल्प लाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।