Bihar/Alive News: बिहार के अब तक के रुझानों से तस्वीर लगभग साफ नजर आ रही है। एनडीए के मुकाबले महागठबंधन काफी पीछे है। अब तक के रुझानों में भाजपा को सबसे अधिक सीटें मिली हैं। दूसरे नंबर पर जदयू है। NDA के लोग जश्न मना रहे हैं।
तेजस्वी और तेज प्रताप अब भी पीछे
पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से तेजस्वी यादव पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार एक नंबर पर चल रहे हैं। 11वें राउंड के बाद भी तेजस्वी यादव करीब 4800 वोटों से पीछे हैं। वहीं महुआ सीट से तेज प्रताप यादव तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। तेज प्रताप 26000 वोटों से लोजपा रामविलास के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह से पीछे चल रहे।
भाजपा कार्यालय में जश्न
पटना में वीर चंद पटेल मार्ग स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के बाहर जश्न मनाया जा रहा है। महिला और पुरुष कार्यकर्ता झूम रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि अब तक रुझानों में भाजपा को 91 सीटें आई है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार के कम पर वोट दिया है। बिहार में एक बार फिर से एनडीए सरकार बन रही है।
जानिए बांका जिले सभी सीटों का हाल
बांका जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर एनडीए ने मजबूत बढ़त बना रखी है। अमरपुर से जदयू प्रत्याशी और भवन निर्माण मंत्री जयंत राज दसवें राउंड तक कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र सिंह से 10,000 वोटों से आगे हैं। जयंत राज का कहना है कि जनता ने एनडीए के विकास कार्यों पर भरोसा जताया है और यह बढ़त अंत तक और बढ़ सकती है, जिससे उनकी लगभग 25,000 मतों से जीत तय मानी जा रही है। जिले में सभी सीटों पर राउंड-दर-राउंड एनडीए की बढ़त कायम है।
रुझान देखने के बाद जदयू कार्यालय के बाहर जश्न
अब तक के रुझानों को देखकर सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जश्न मनाने लगी है। जदयू नेता और कार्यकर्ता मिठाई बांटने लगे हैं। पटाखे फोड़े जा रहे हैं। जदयू नेताओं ने कहा कि 10वीं बार नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता सब खेल समझ चुकी है। नीतीश कुमार को जनता ने फिर से अपना आशीर्वाद दिया है।
लाल के दोनों बेटे पीछे
पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के दोनों बेटे पीछे चल रहे हैं। महागठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए गए तेजस्वी यादव भाजपा के सतीश राय से 343 वोटों से पीछे चल रहे हैं। वही उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव महुआ विधानसभा में चौथे नंबर पर चल रहे हैं। यहां पर चिराग पासवान की पार्टी के प्रत्याशी संजय सिंह ने बढ़त बनाकर रखी है।
समस्तीपुर में जदयू प्रत्याशी महेश्वर हजारी ने कही यह बातें
समस्तीपुर जिले की कल्याणपुर विधानसभा सीट से जदयू प्रत्याशी महेश्वर हजारी 19,359 मतों से आगे चल रहे हैं। काउंटिंग हॉल पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का नारा “2025 फिर से नीतीश 225” अब सच होता हुआ दिखाई दे रहा है। विपक्ष को जनता ने जवाब दे दिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, रुझानों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा को 89 और जदयू को 79 सीटों पर बढ़त है। वही राजद 30 और कांग्रेस छह सीटों पर आगे चल रही है। चौंकने वाली बात यह है कि 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारने वाली जनसुराज पार्टी का खाता भी नहीं खुला है।
जानिए दरभंगा में कौन आगे चल रहा
दरभंगा शहर से भाजपा के संजय सरावगी 14वें राउंड में 21,177 मतों से आगे हैं और VIP प्रत्याशी पीछे चल रहे हैं। ग्रामीण सीट पर 10वें राउंड में ईश्वर मंडल 1,480 मतों से आगे हैं। बहादुरपुर में 10वें राउंड तक मदन सहनी 5,301 मतों से आगे चल रहे हैं। केवटी में 11वें राउंड में मुरारी मोहन झा 7,721 मतों से आगे हैं। कुशेश्वरस्थान से जदयू के अतीरेक 8वें राउंड में 16,085 मतों से आगे हैं, जबकि अलीनगर में 8वें राउंड तक भाजपा की मैथिली ठाकुर 8,569 मतों से आगे हैं। गोराबौराम में 5वें राउंड में सुजीत कुमार 4,418 मतों से आगे हैं और बेनीपुर में 6वें राउंड तक जदयू के विनय चौधरी 3,136 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
भाजपा 87 सीटों पर आगे, कांग्रेस को छह पर बढ़त
चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 12:15 बजे तक के रुझानों में भाजपा 87 सीटों पर, जदयू 76 सीटों पर और राजद 36 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। लोजपा (रा.) 19 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस को 6 सीटों पर बढ़त मिली है। सीपीआई(एमएल) 6 सीटों पर, हम पार्टी 4 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 3 सीटों पर आगे है। AIMIM भी 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सीपीआई (एम) और बसपा को 1-1 सीट पर बढ़त मिली है। कुल मिलाकर 243 सीटों पर रुझान आए हैं।
सीवान जिले के सभी विधानसभा का हाल जानिए
सीवान जिले के सीवान सदर सीट पर भाजपा के मंगल पांडेय 9380 वोट से आगे हैं। जिरादेई में जदयू के भीष्म प्रताप सिंह 533 वोट से आगे चल रहे हैं, जबकि दरौली में लोजपा के विष्णु देव पासवान 3766 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं। रघुनाथपुर में राजद के ओसामा साहब 5088 वोट से आगे हैं और जदयू के विकास कुमार सिंह उर्फ जीसू सिंह पीछे चल रहे हैं। दारौंदा में माले के अमरनाथ यादव 1278 वोट से आगे हैं, जहां भाजपा के करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह पीछे हैं। बड़हरिया में जदयू के इंद्रदेव पटेल 621 वोट से आगे हैं और राजद के अरुण गुप्ता पीछे चल रहे हैं। गोरेयाकोठी में भाजपा के देवेशकांत सिंह 6279 वोट से आगे हैं, जबकि महाराजगंज में जदयू के हेमनारायण साह 3875 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं।
सुबह 11:45 बजे तक यह है दलीय स्थिति
चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 11: 45 बजे तक के रुझानों में भाजपा 82 सीटों पर, जदयू 75 सीटों पर और राजद 36 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। लोजपा (रा.) 22 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस को 7 सीटों पर बढ़त मिली है। सीपीआई(एमएल) 6 सीटों पर, हम पार्टी 4 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 3 सीटों पर आगे है। AIMIM भी 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि वीआईपी, सीपीआई (एम) और बसपा को 1-1 सीट पर बढ़त मिली है। कुल मिलाकर 241 सीटों पर रुझान आए हैं।

