March 8, 2026

एनआईटी एक नंबर मार्केट के जाम में पेट्रोलिंग करते समय करीब एक घंटे तक फसी थाना कोतवाली प्रभारी की गाड़ी

Kumkum Ojha/Alive News

Faridabad : त्योहारी सीजन और शहर की मार्केटों में भारी अतिक्रमण लोगों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। इस अतिक्रमण के जाम में वीरवार की शाम को पेट्रोलिंग करते समय कोतवाली थाना प्रभारी की गाड़ी करीब एक घंटे तक एनआईटी एक नंबर मार्केट में फसी देखी गई। एक नंबर मार्केट में शाम को जाम इस कदर है कि लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो रहा है। अगर, मार्केट में कोई हादसा हो जाए तो एम्बुलेंस और फायर बिग्रेड का पहुंचना मुश्किल ही नही नामुमकिन लगता है और इस जाम व अतिक्रमण हटवाने के जिम्मेवार अपना पल्ला झाड रहे हैं। पुलिस अतिक्रमण पर नगर निगम को और नगर निगम अधिकारी पुलिस को ट्रेफिक जाम को लेकर जिम्मेवार मान रहे हैं।

पुलिस मान रही है कि मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था न होने और दुकानों के आगे अतिक्रमण होने की वजह से दुकानदारों और मार्केट में आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।

मार्केट के प्रधान का कहना है कि दुकानदारों के अतिक्रमण की वजह से बाजार में घंटो जाम लग रहा है। ऐसे में दुकानों ओर खरीदारों दोनों को परेशानी हो रही है। यह समस्या सिर्फ इस साल ही नहीं बल्कि हर साल की है। लेकिन प्रशासन अपनी जिम्मेवारी से भाग रहा है।

क्या कहना है मार्केट में आए खरीदारों का
एनआईटी एक नंबर मार्केट में त्योहारी सीजन की वजह से भीड़ उमड़ रही है लेकिन मार्केट में पार्किंग की सुविधा ना होने और अतिक्रमण की वजह से जाम इतना लंबा था कि गाड़ी मार्केट के अंदर ही नहीं जा पाई। जिसके कारण हम खरीदारी करे बिना ही वापस जा रहे हैं।
-एकता, सेक्टर-21 निवासी।

मैं 25 साल से एनआईटी एक नंबर मार्केट से खरीदारी करती आ रही हूं, लेकिन पहली बार मार्केट में इतनी भीड और अव्यवस्था देखने को मिली है। पूरी मार्केट में दुकानदारों ने सामान सड़क पर सजाया हुआ है, जिसकी वजह से पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
-सरोजा चौहान, संजय कालोनी निवासी।

मैं जवाहर कालोनी मार्केट छोड़कर एक नम्बर में समान लेने आया हूं लेकिन यहां गाड़ी पार्किंग ही नही है। इस वजह से सड़क पर पार्किंग की है। अगर मार्केट में कोई हादसा हो जाये तो एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को आने का भी रास्ता नही है। इसके जिम्मेदार दुकानदार हैं जो सड़क तक अतिक्रमण किये हुए है।
-सुनील ढींगरा, जवाहर कालोनी निवासी।

क्या कहना है मार्केट के प्रधान का
हमारी ओर से सभी दुकानदारों को हिदायत दी हुई है कि अपनी दुकान के अंदर ही सामान लगातार व्यापार करें। लेकिन यहां दुकानदार समझने को तैयार है और न ही प्रशासन सहयोग करता है। हमने, प्रशासन को मार्केट की व्यवस्था बनाने के लिए कई सुझाव दिये हुए है। कुछ दुकानदार मार्केट में किराये की दुकान लेकर व्यापार करते है वो ही अपनी दुकान के सामने रेहड़ी, पटरी, अन्य दुकान लगावाकर और किराया वसूलते है और जाम का कारण बन रहे हैं।
-कालू चौधरी, प्रधान- युवा सेवा मंडल, मार्केट नंबर एक।

क्या कहना है एसएचओ का
मार्केट में पार्किंग नही है। त्योहार पर लोग गाड़ी से मार्केट पहुंच रहे हैं। हम लगातार मार्केट में पेट्रोलिंग कर रहे हैं। दुकानदार मना करने के बावजूद भी दुकानों का सामान बाहर निकालते है, जिसकी वजह से वाहनों को आने जाने में परेशानी होती है। हमारी ओर से जाम को खुलवाने के लिए जगह जगह पुलिस कर्मी लगाए हुए है। अतिक्रमण हटाने का काम नगर निगम का है।
-श्री भगवान, प्रभारी-थाना कोतवाली।