Faridabad/Alive News:फरीदाबाद के गांव कबुलपुर में यमुना के पानी के बीच फंसी 9 महीने की गर्भवती महिला को रेस्क्यू किया गया है। महिला अपने पति के साथ गांव में एक फार्म पर फंसी हुई थी। महिला के पति ने वीरवार की देर शाम कॉल करके पानी में फंसे होने की सूचना दी थी। जिसके बाद आज सुबह महिला और उसके पति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। महिला को उसके पति के साथ गांव मोहना के शेल्टर होम में पहुंचाया गया है।
नायब तहसीलदार सतबीर रावल ने जानकारी देते हुए बताया कि, कल देर शाम को हैल्पलाइन नंबर पर महिला के पित ने कॉल करके फार्म हाउस पर फंसे होने की सूचना दी थी। महिला के पति ने बोला था कि अभी पानी कम है लेकिन पानी बढ़ेगा तो उनके लिए खतरा होगा। तहसीलदार सतबीर रावल ने बताया कि रात को बचाव दल की टीम वहीं पर मौजूद रही और रात को उनके सुरक्षा को लेकर संपर्क किया गया।
सुबह नायब तहसीलदार सतबीर रावल मौके पर पहुंच गए और टीम भेजकर महिला और उसके पति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जांच में पता चला है कि महिला और उसका पति बिहार के रहने वाले है और 1 साल पहले ही गांव कबुलपुर में एक फार्म पर काम करने के लिए आए थे। कम पानी के चलते वो यहां से निकले नही थे, लेकिन जब ज्यादा पानी आ गया तो वो वहां फंस गए थे।
बचाव दल की टीम ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पति-पति दोनों को सुरक्षित निकाल वहां से मोहना शेल्टर होम पहुंचा दिया है। जहां पर खाना और दवाई लोगों को दी जा रही है। डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि वो खुद सभी जलभराव के क्षेत्रों पर नजर रख रहे है।

