Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने नशा तस्करी के मामले में एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.01 ग्राम MDMA बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान जोसुआ उर्फ जॉन (41), निवासी लागोस, नाइजीरिया, हाल निवासी तुगलकाबाद, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर-37 के पास दिल्ली-मथुरा रोड पर एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर उसे बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से MDMA बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह नशीला पदार्थ दिल्ली में करीब 20 हजार रुपये में खरीदा था और इसे फरीदाबाद में बेचने के लिए लाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब तीन साल से भारत में रह रहा है।
आरोपी के खिलाफ थाना सराय ख्वाजा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

