March 8, 2026

मैट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती कर महिला से की लाखों की ठगी, नाइजीरियन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट के जरिए ठगी करने वाले एक नाइजीरियन युवक को दिल्ली के महरौली से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला से शादी के नाम पर झांसा देकर 1.36 लाख रुपये ठग चुका था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद के भगत कॉलोनी की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसने एक मैट्रिमोनियल एप पर एक व्यक्ति से संपर्क किया, जिसने खुद को जर्मनी निवासी बताया और कहा कि उसका परिवार ब्राजील में रहता है। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई जो व्हाट्सएप तक पहुंच गई। कुछ समय बाद उस व्यक्ति ने महिला से कहा कि वह इंडिया शिफ्ट हो रहा है और उसे गिफ्ट के रूप में आभूषण, कपड़े और अमेरिकी डॉलर भेज रहा है।

9 अप्रैल को उसने गिफ्ट की फोटो, वीडियो और एक फर्जी कूरियर ट्रैकिंग लिंक भी भेजा। 11 अप्रैल को महिला को खुद को कस्टम अधिकारी बताने वाली एक महिला का फोन आया। उसने कहा कि गिफ्ट छुड़वाने के लिए 37,500 रुपये टैक्स देने होंगे। ट्रैकिंग लिंक पर भी कूरियर दिल्ली एयरपोर्ट पर दिखाया गया, जिस पर विश्वास कर महिला ने पैसे जमा करवा दिए।

इसके बाद एक और कॉल आया जिसमें कहा गया कि गिफ्ट में भारी मात्रा में डॉलर है, जिसके लिए 98,700 रुपये और देने होंगे। महिला ने यह रकम भी जमा कर दी, लेकिन उसे कोई गिफ्ट नहीं मिला। इस तरह महिला से कुल 1,36,200 रुपये की ठगी की गई।

जांच के बाद पुलिस ने महरौली, दिल्ली से मूसा अली नामक नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उसका साथी लोगों से ऐप पर बात करता और उन्हें फंसाकर रकम मंगवाता था, जिसे आरोपी एटीएम से निकालकर अपने साथी को देता था। आरोपी नवंबर 2022 से भारत में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।