March 8, 2026

वार्ड-14 में नई पहल: पुराने कूड़ा स्थल को बनाया गया स्वच्छता केंद्र

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। वार्ड-14 में यामाहा कंपनी के पास स्थित पुराने कूड़ा डंपिंग स्थल को पूरी तरह साफ कर “अस्थायी स्वच्छता केंद्र” में बदल दिया गया है।

नगर निगम ओल्ड ज़ोन के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि यह कार्य निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देश पर किया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरे राज्य में स्वच्छता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर नियमित सफाई और निगरानी के लिए एक टेंट लगाया गया है, जहां दो नाइट गार्ड्स तैनात हैं। अब यहां कूड़ा फेंकना प्रतिबंधित है। उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही स्थानीय निवासियों को जागरूक किया जा रहा है कि वे घरेलू कूड़ा केवल अधिकृत विक्रेताओं को ही दें, खुले में न फेंकें।

इस पहल में श्रीजी प्रॉपर्टीज ने निगम के साथ मिलकर सहयोग किया है। स्थानीय पार्षद नरेश नंबरदार और उनकी टीम घर-घर जाकर लोगों को समझा रही है और अवैध डंपिंग रोकने का कार्य कर रही है। दिन के समय निगम की टीम यहां निगरानी और चालान कार्रवाई भी करेगी।

पहले इस जगह पर बड़ा कूड़ा खत्ता बना हुआ था, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। लेकिन राजेश कुमार और नरेश नंबरदार की पहल तथा स्थानीय सहयोग से अब यह स्थान पूरी तरह साफ कर दिया गया है।

यहां अब कर्मचारियों का हाजिरी प्वाइंट बनाया गया है और खुले मैदान में पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का काम भी शुरू किया गया है।

ओल्ड ज़ोन में इसी तरह के स्वच्छता कार्यों के लिए नागरिक परवेश (94663 23862) और सुन्दर नैन (95821 72630) से संपर्क कर सकते हैं।