April 27, 2024

हरियाणा के नए राज्यपाल पहुंचे राजभवन, मुख्यमंत्री ने मंत्रीमंडल सहित किया राज्यपाल का स्वागत

Chandigarh/Alive News : हरियाणा के नए राज्यपाल नियुक्त होने के बाद बंडारू दत्तात्रेय सोमवार को चंडीगढ़ स्थित राजभवन पहुंचे। राजभवन पहुंचने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और मंत्रिमंडल सहयोगियों ने हरियाणा के नए राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 15 जुलाई को बंडारू दत्तात्रेय पद एवं गोपनीयता की शपथ देंगे। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रविशंकर झा नए राज्यपाल को शपथ ग्रहण कराएंगे। राज्यपाल ने राजभवन में गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली और निरीक्षण किया। हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन से आए एचएपी के जवानों ने डीएसपी अभिलक्ष जोशी के नेतृत्व में राष्ट्रीय धुन बजाकर सलामी दी। इसके बाद बंडारू दत्तात्रेय ने मुख्यमंत्री व उनके सहयोगियों के साथ जलपान किया। 

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को हरियाणा की भौगोलिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी। उन्होंने राज्य सरकार के कुछ प्रमुख विकास कार्यों और योजनाओं से भी अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तीन तरफ हरियाणा की सीमाएं लगती हैं। हरियाणा की कृषि एवं खेलों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान है। प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है कि निकट भविष्य में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी हरियाणा को मिली है।

इस मौके पर स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री कंवरपाल, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव, खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह और पुरातत्व एवं संग्रहालय राज्य मंत्री अनूप धानक मौजूद रहे।

मुख्य सचिव विजय वर्धन के अलावा डायरेक्टर सिविल मिलिट्री अफेयर्स वेस्टर्न कमांड कर्नल जसदीप संधु, एयर वाइस मार्शल वेस्टर्न एयर कमांड एमवी.रामाराव व वेस्टर्न कमांड से मेजर जनरल छिब्बर समेत राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई।