June 6, 2026

जनगणना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ट्रेनिंग में अनुपस्थित कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई: निगम आयुक्त

Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने के.एल. मेहता महिला कॉलेज में आयोजित एक बैठक में जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए सभी की भागीदारी पर जोर दिया। इस बैठक में निजी स्कूलों के प्रिंसिपल और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि जनगणना देश का एक महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें हर नागरिक का सहयोग जरूरी है। लोगों से अपील की गई कि वे अपने घर आने वाले गणनाकर्ताओं को सही और पूरी जानकारी दें, ताकि यह कार्य सही तरीके से पूरा हो सके।

निगम आयुक्त ने साफ कहा कि जनगणना ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो कर्मचारी या अधिकारी ट्रेनिंग में शामिल नहीं होंगे या अपने काम में कोताही बरतेंगे, उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि कुछ सरकारी और निजी स्कूलों के कर्मचारी ट्रेनिंग में शामिल नहीं हुए हैं, जो एक गंभीर मामला है। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।

जिला जनगणना समन्वय अधिकारी प्रशांत शर्मा ने जनगणना से जुड़े कार्यों को आसान और सही तरीके से करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर काम करेंगे तो यह कार्य आसानी से पूरा हो जाएगा।

फरीदाबाद जिले में करीब 5500 गणनाकर्ताओं और सुपरवाइजरों को 6 अप्रैल से 22 अप्रैल तक 31 केंद्रों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए 62 ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं। इस दौरान उन्हें हाउस लिस्टिंग, सेल्फ एन्यूमरेशन और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है।

सरकार के निर्देश अनुसार मकानों की गणना का कार्य 1 अप्रैल से शुरू होकर 30 अप्रैल तक चलेगा। वहीं 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक लोग खुद भी अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। पूरा जनगणना कार्य डिजिटल तरीके से किया जाएगा।

बैठक में कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।