March 8, 2026

प्रॉपर्टी आईडी और टैक्स वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – निगम आयुक्त

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने प्रॉपर्टी आईडी और बकाया टैक्स वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। निगम की अतिरिक्त आयुक्त (प्रथम) सलोनी शर्मा ने टैक्स विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत नागरिकों की पीआईडी संबंधी समस्याएं तय समय में हल की जाएं।

उन्होंने बताया कि निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने साफ आदेश दिए हैं कि प्रॉपर्टी आईडी, टैक्स रिटर्न, डाटा अपडेट, सेल्फ-सर्टिफिकेशन जैसे काम ईमानदारी और समयबद्ध तरीके से पूरे हों, वरना जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

अतिरिक्त आयुक्त ने कहा कि हर जोन से हर महीने कम से कम 1 करोड़ रुपये बकाया टैक्स की वसूली का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें बड़े बकायेदारों पर खास फोकस होगा। इसके अलावा, नए आईडी बनाना, पुराने हटाना, टैक्स करेक्शन, विकास शुल्क अपडेट करना और इंटीग्रेशन परमिशन जारी करना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।

सभी जोनल टैक्सेशन ऑफिसर (जेडटीओ) अपने क्षेत्र में निरीक्षकों के काम की जांच करेंगे और मासिक रिपोर्ट देंगे। हर जोन में 200 प्रॉपर्टी सर्टिफिकेट अपडेट, एक हजार बिना नाम की प्रॉपर्टी को सही करना और विकास शुल्क की वसूली भी तय समय में करनी होगी।

निगम आयुक्त ने दोहराया कि सभी अधिकारी पारदर्शिता और तत्परता से काम करें ताकि टैक्स वसूली और विकास कार्य समय पर पूरे हों।