March 8, 2026

फरीदाबाद का नीलम चौक अब ‘गुरु तेग बहादुर चौक’, केंद्रीय मंत्री ने किया नामकरण

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के प्रमुख नीलम चौक का नाम आज आधिकारिक रूप से बदलकर ‘गुरु तेग बहादुर चौक’ कर दिया गया। यह निर्णय गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ के उपलक्ष में लिया गया है। नामकरण कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, और एनआईटी विधायक सतीश फागना मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी की शहादत मानवता, धर्म रक्षा और साहस का अमर प्रतीक है। उन्होंने धर्म और सिद्धांतों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने सिख समुदाय द्वारा समाज और मानवता के लिए किए गए सेवा कार्यों, खासकर कोरोना काल में लंगर सेवा की, विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चौक का यह नया नाम आने वाली पीढ़ियों को गुरु साहिब के मूल्यों की याद दिलाता रहेगा।

विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि फरीदाबाद की बहुसांस्कृतिक पहचान को सिख समुदाय ने हमेशा मजबूत किया है। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही इसी मार्ग पर ‘गुरु तेग बहादुर द्वार’ का निर्माण शुरू किया जाएगा। इसके अलावा सलूजा पेट्रोल पंप से केसी रोड तक की सड़क का नाम ‘बाबा बंदा सिंह बहादुर मार्ग’ रखने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है।

विधायक सतीश फागना ने कहा कि नीलम चौक का नाम बदलने की मांग क्षेत्र के गुरुद्वारों और सिख संगत द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी की शहादत साहस, मानवता और धर्म रक्षा का अनमोल उदाहरण है, और नया नाम युवा पीढ़ी को निरंतर प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में पार्षद सुमन बाला, जसवंत सिंह, सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य, अन्य पार्षद और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।