May 6, 2024

राष्ट्रीय महिला पहलवान की नहर में डूबने से मौत, 2 सहेलियों को लोगों ने बचाया

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के पानीपत जिले में नहर में डूबने से महिला पहलवान की मौत हो गई। राष्ट्रीय स्तर की पहलवान 17 वर्षीय तनिष्का रविवार सुबह हथवाला में यमुना नहर के किनारे अभ्यास करने पहुंचीं थी। इसके बाद करीब आठ बजे तनिष्का अपनी साथी पहलवान रेणु और एक 12 वर्षीय जूनियर पहलवान के साथ नहर में नहाने चली गईं। इस दौरान तीनों गहराई में चली गईं और डूबने लगीं।

यमुना नहर में डूबने से तनिष्का की मौत हो गई। उसके साथ कुश्ती का अभ्यास करने वाली दो और पहलवान भी नहर में बहने लगीं, जिन्हें ग्रामीणों ने बचा लिया लेकिन तनिष्का को नहीं बचाया जा सका। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। तनिष्का के परिजनों ने पानीपत के सिविल अस्पताल के डॉक्टरों को लिखित में दिया कि वे अपनी बेटी के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते।

इसके बार डॉक्टरों ने कागजी कार्यवाही कर तनिष्का का शव उसके परिजनों को सौंप दिया। जबकि गांव पट्टीकल्याणा में तनिष्का का अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक तनिष्का 17 साल की थी और कक्षा 12वीं की छात्रा थी। तनिष्का ने कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते थे। वहीं तनिष्का, श्रीलंका में आयोजित होने जा रही इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए अभ्यास कर रही थी। रविवार को तनिष्का अपने कोच व साथियों के साथ यमुना घाट पर कुश्ती के अभ्यास के लिए गए थे।