Faridabad/Alive News: 39वें अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में इस बार नेशनल अवार्डी और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक शिल्पकारों की कला विशेष आकर्षण बनी हुई है। मेला परिसर में स्टॉल नंबर 1140 से 1239 तक नेशनल अवार्डी एवं विशिष्ट पुरस्कार विजेता शिल्पकारों की 100 विशेष स्टॉलें लगाई गई हैं।
इन्हीं में स्टॉल नंबर 1213 पर नेशनल अवार्डी शिल्पकार हुसैन की पीतल की वर्ल्ड रिकॉर्ड नक्काशी वाली प्लेट दर्शकों को खूब आकर्षित कर रही है। करीब 4 लाख रुपये मूल्य की इस प्लेट पर 52 हाथियों की बारीक नक्काशी और 24 कैरेट गोल्ड वर्क किया गया है, जिसने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान पाया है।
उत्तर प्रदेश थीम स्टेट के तहत हुसैन सहित अन्य शिल्पकार भी अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। पर्यटक न केवल हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं, बल्कि सीधे शिल्पकारों से संवाद कर उनकी कला और अनुभवों की जानकारी भी ले रहे हैं।

