March 8, 2026

हत्या के मामले में 11 महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने हत्या के एक पुराने मामले में 11 महीने से फरार आरोपी प्रवीन, निवासी ऊंचा गांव, को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम द्वारा की गई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना आदर्श नगर में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें दिनेश, निवासी ऊंचा गांव, ने बताया था कि 19 जनवरी को उसे सूचना मिली कि उसके बेटे चेतन को चोट लगी है और वह अस्पताल पहुंचा तो पाया कि उसके बेटे की मौत हो चुकी थी। इस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी प्रवीन अपने साथियों सागर, विवेक और शिवम के साथ बैठा था, तभी चेतन वहां पहुंच गया। किसी बात को लेकर उनमें झगड़ा हो गया। इस दौरान चारों ने मिलकर चेतन से मारपीट की और विवेक ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने पहले ही सागर, विवेक और शिवम को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि प्रवीन फरार था। अब उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी प्रवीन को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है ताकि आगे की पूछताछ की जा सके।