Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आज नगर निगम कर्मचारियों ने सेक्टर-12 स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों का ज्ञापन तहसीलदार बल्लभगढ़ भूमिक लाम्बा को सौंपा। कर्मचारियों ने कहा कि ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए ताकि उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।
नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के जिला प्रधान दिलीप सिंह बहोत की अध्यक्षता में हुई सभा का संचालन जिला सचिव अनिल चंडालिया ने किया। सभा और प्रदर्शन में कई यूनियनों के नेता व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार ने सफाई कर्मचारियों से 27,000 रुपए वेतन बढ़ोतरी का वादा किया था लेकिन कुछ कर्मचारियों को केवल 2,100 रुपये का ही लाभ मिला है। इससे कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है। राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि सरकार लगातार सफाई कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने मांग की कि ठेका प्रथा खत्म कर सभी सफाई कर्मचारियों को स्थायी किया जाए और नियमित भर्ती की जाए।
कर्मचारियों ने ऐलान किया कि 6 अक्टूबर को महर्षि गुरु वाल्मीकि जयंती पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास कुरुक्षेत्र पर महा रैली होगी। यदि तब तक मांगे पूरी नहीं हुईं तो मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया जाएगा।
शास्त्री ने कहा कि 2 नवंबर को कुरुक्षेत्र में होने वाली महारैली में बड़े आंदोलन का ऐलान किया जाएगा।

