Faridabad/Alive news: नगर निगम ने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वसूली के लिए सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर की 15 प्रॉपर्टी को सील कर दिया। इन पर लगभग 27 लाख 19 हजार रुपए से अधिक की बकाया राशि लंबित थी। वहीं मौके पर ही निगम टीमों ने 14 लाख 34 हजार रुपए से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स वसूलकर निगम खाते में जमा कराया।
अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशों पर विशेष टीमें लगातार बकायेदारों तक पहुंचकर कार्रवाई कर रही हैं। सभी को पूर्व में ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। यदि कोई प्रॉपर्टी मालिक मौके पर टैक्स जमा करता है तो भुगतान ऑनलाइन पोर्टल या डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से स्वीकार कर तुरंत निगम खाते में जमा किया जा रहा है।
उन्होंने अपील की कि सभी बकाया प्रॉपर्टी टैक्स धारक समय पर टैक्स जमा करें, क्योंकि यह राशि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं पर खर्च होती है।
कार्रवाई के प्रमुख तथ्य
प्रॉपर्टी सील, कुल बकाया राशि 27.19 लाख रूपये से अधिक मौके पर वसूला गया टैक्स14.34 लाख रूपये से अधिक बल्लभगढ़ क्षेत्र में 65 से अधिक गेस्ट हाउस या ओयो होटल्स को चेतावनी जारी।
एक सप्ताह में कमर्शियल आईडी पर अनुमति लेने के निर्देश, अन्यथा सीलिंग की कार्रवाई क्षेत्रीय एवं कर अधिकारियों दीपा पब्बी, सुमन रतरा, सृष्टि बब्बर, दिनेश कुमार, अशोक कुमार की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय है।
सुबह से एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद और अन्य क्षेत्रों में निगम की अलग-अलग टीमों ने बकाया टैक्स धारकों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की। कई प्रॉपर्टी मालिकों ने मौके पर ही अपना टैक्स जमा कर दिया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया टैक्स न चुकाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी प्रकार की ढिलाई नहीं दी जाएगी।

