Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर चल रहे 11 सप्ताह के हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने आज निगम कार्यालय में बैठक आयोजित की। इस बैठक में शहर की सफाई और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों को आमंत्रित किया गया।
बैठक में इको सवेरा, ग्रीन हैंड, बाल विकास धारा, सेव अरावली, मिशन जागृति और पर्यावरण संरक्षण टीम सहित कई संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। निगम आयुक्त ने सभी से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के तरीकों पर चर्चा की और उनके योगदान की सराहना की।
खड़गटा ने कहा कि स्वच्छता अभियान सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का कर्तव्य है। जब एनजीओ और स्वयंसेवक मिलकर काम करेंगे, तो फरीदाबाद स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में मिसाल बनेगा।
बैठक में संस्थाओं ने अपने अनुभव साझा किए और आने वाले दिनों में सफाई अभियान, जागरूकता कार्यक्रम और सामुदायिक गतिविधियों को और मजबूत बनाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सेनेटरी ऑफिसर (स्पेशल) एशवीर सिंह भी मौजूद थे।

