Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में बड़ी कार्रवाई की गई है। निगम प्रशासन ने कुल 156 प्रॉपर्टी को सील करते हुए लगभग 4 करोड़ 12 लाख रुपये के बकाया टैक्स की वसूली प्रक्रिया तेज कर दी है। यह कार्रवाई हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों और निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में की गई है।
अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि नगर निगम लगातार सभी बकायेदारों को नोटिस, मैसेज और फोन कॉल के माध्यम से टैक्स जमा कराने की अपील कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रॉपर्टी धारक नियमों का पालन नहीं कर रहे। ऐसे मामलों में अब सख्त कार्रवाई की जा रही है।सभी जोन में क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी प्रॉपर्टी टैक्स रिकवरी ड्राइव को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं और बकायेदारों की सूची के अनुसार प्रॉपर्टी सील की जा रही है।अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराएं, ताकि किसी प्रकार की दिक्कत या कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि नगर निगम को प्राप्त टैक्स राशि सीधे शहर के विकास कार्यों में सड़कों के निर्माण, सीवर-ड्रेन सुधार, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर खर्च की जाती है। इसलिए हर नागरिक को समय पर टैक्स जमा कर शहर के विकास में सहयोग देना चाहिए।

